Haryana Weather: हरियाणा में ठंड ने अचानक तेज़ी पकड़ ली है। सूबे में दिन के तापमान में गिरावट और रात के न्यूनतम तापमान में लगातार कमी से लोगों को कड़क ठंड का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में औसत अधिकतम तापमान में कल की तुलना में 1.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।
राज्य का सबसे अधिक तापमान नूंह में 26.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जबकि न्यूनतम तापमान हिसार में 5.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो पूरे राज्य में सबसे कम है। इन आंकड़ों से साफ है कि ठंड ने पूरे हरियाणा में अपनी पकड़ मजबूत कर ली है।
मौसम विभाग की भविष्यवाणी के अनुसार, हरियाणा में 3 दिसंबर तक मौसम सामान्यतः खुश्क रहने की संभावना है। वहीं 1 दिसंबर से रात के तापमान में फिर से गिरावट आएगी, जिससे ठंड और बढ़ेगी। वातावरण में नमी के कारण उत्तर व पश्चिमी हरियाणा में सुबह के समय हल्की धुंध छाए रहने का अनुमान है, जबकि दक्षिणी हरियाणा में हल्की से मध्यम धुंध रहने की संभावना है।
इस दौरान हवाओं में हल्का बदलाव होगा और 1 दिसंबर से उत्तर व उत्तर पश्चिमी शीत हवाएं हल्की से मध्यम गति से चलेंगी। ये हवाएं ठंड को और बढ़ा देंगी, जिससे ठंडक का अहसास और तीव्र होगा।
इस मौसम में लोगों को सर्दी से बचाव के लिए गर्म कपड़ों का इस्तेमाल करना चाहिए और सुबह-शाम की ठंडी हवाओं से सावधानी बरतनी चाहिए। खासकर बुजुर्गों और बच्चों का ध्यान रखना जरूरी है। आने वाले दिनों में हरियाणा में ठंड अपने चरम पर पहुंचने वाली है, इसलिए तैयारी कर लेना उचित रहेगा।













