Haryana News: गुरुग्राम में खुलीं दो अटल कैंटीन, श्रमिकों को सिर्फ 10 रुपए में अनलिमिटेड पौष्टिक खाना

On: November 30, 2025 5:02 PM
Follow Us:
Haryana News: गुरुग्राम में खुलीं दो अटल कैंटीन, श्रमिकों को सिर्फ 10 रुपए में अनलिमिटेड पौष्टिक खाना

Haryana News: हरियाणा की साइबर सिटी गुरुग्राम से मेहनतकश मजदूरों के लिए एक बेहद अच्छी खबर आई है. यहां हरियाणा स्टेट इंडस्ट्रियल एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन यानी HSIIDC ने IMT मानेसर के सेक्टर 4 और सेक्टर 5 में दो अटल किसान मजदूर कैंटीन शुरू कर दी हैं. इन कैंटीनों में औद्योगिक इकाइयों में काम करने वाले मजदूरों को सिर्फ 10 रुपए में अनलिमिटेड और पौष्टिक भोजन मिलेगा. यह पहल उन श्रमिकों के लिए बड़ी राहत है जो कम कमाई में परिवार और पेट दोनों का बोझ संभालते हैं.

जल्द खुलेंगी तीन और कैंटीन

HSIIDC ने IMT मानेसर में कुल पांच अटल मजदूर किसान कैंटीन खोलने का फैसला किया है. फिलहाल दो कैंटीनें शुरू हो चुकी हैं और बाकी तीन कैंटीनों का निर्माण तेजी से चल रहा है. उम्मीद है कि नए साल की शुरुआत तक ये कैंटीनें भी पूरी तरह संचालित हो जाएंगी. इन कैंटीनों के खुलने से पूरे औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले हजारों मजदूरों को सस्ते और स्वच्छ भोजन का लाभ लगातार मिल सकेगा.

स्थानीय महिलाओं को मिलेगा रोजगार

इन कैंटीनों का संचालन स्वयं सहायता समूहों द्वारा किया जाएगा. इससे कैंटीनों का सही तरीके से संचालन होगा और साथ ही स्थानीय महिलाओं को काम भी मिलेगा. यह व्यवस्था समुदाय के लोगों के लिए रोजगार का एक नया अवसर बनकर उभर रही है. अटल मजदूर किसान कैंटीन योजना का लक्ष्य सिर्फ भोजन उपलब्ध कराना ही नहीं बल्कि श्रमिकों के जीवन स्तर को ऊपर उठाना भी है.

श्रमिकों का खर्च कम होगा

प्रदेश सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि विशाल औद्योगिक क्षेत्र IMT मानेसर में इन कैंटीनों का खुलना मजदूरों के लिए बड़ी राहत है. अब उन्हें सिर्फ 10 रुपए में पौष्टिक भोजन मिलेगा. इससे उन्हें ढाबों और रेहड़ियों पर खर्च होने वाले अधिक पैसों से छुटकारा मिलेगा. यह पहल मजदूरों की जेब पर बोझ कम करेगी और उनके जीवन स्तर में सुधार लाएगी. सरकार की यह कोशिश निश्चित तौर पर श्रमिकों के लिए एक बड़ा सहारा साबित होगी.

सुनील चौहान

सुनील चौहान हरियाणा क्षेत्र की खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में 10 साल का अनुभव है और वे सामाजिक, प्रशासनिक और स्थानीय मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।

WhatsApp

Join Now

Facebook

Follow Now