Haryana News: हरियाणा सरकार ने ग्रुप-डी कर्मचारियों को त्योहारों पर राहत देते हुए बड़ी घोषणा की है। अब सभी विभागों, बोर्ड-निगमों और स्वायत्त संस्थानों में काम करने वाले कर्मचारियों को दीपावली के मौके पर 13 हजार रुपये एडवांस बिना ब्याज के मिलेंगे। पहले यह राशि 12 हजार थी, जिसे इस बार एक हजार रुपये बढ़ा दिया गया है। इसके लिए वित्त विभाग ने आदेश जारी कर दिए हैं।
14 अक्टूबर तक आवेदन करें
कर्मचारियों को यह एडवांस लेने के लिए 14 अक्टूबर तक आवेदन करना होगा। राशि की स्वीकृति आहरण एवं संवितरण अधिकारियों द्वारा दी जाएगी। अगर कोई कर्मचारी अस्थायी है तो उसे यह एडवांस तभी मिलेगा, जब कोई स्थायी कर्मचारी जमानत देगा। एडवांस की वसूली 10 समान किस्तों में की जाएगी।
सरकार ने साफ किया है कि अधिकारी एडवांस मंजूर करने से पहले यह सुनिश्चित करें कि कर्मचारी की सेवा कम से कम अगले 10 साल तक जारी रहेगी, ताकि पूरी राशि की वसूली हो सके। एडवांस की रकम 17 अक्टूबर तक या उससे पहले ही कर्मचारियों को मिल जाएगी। हालांकि कार्य-प्रभारित, आकस्मिक वेतनभोगी, दैनिक वेतनभोगी और संविदा कर्मचारियों के लिए यह सुविधा उपलब्ध नहीं होगी।













