Haryana crime: रेवाड़ी में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। साइबर थाना पुलिस ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर एक व्यक्ति से 19 लाख 30 हजार रुपये हड़पने के आरोप में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान राजस्थान के दौसा जिले के गांव झिलकी ढी जागीर निवासी महेंद्र सैनी, अलवर जिले के गांव पिनान निवासी सुरेंद्र और गांव प्रतापपुरा निवासी सचिन गुर्जर के रूप में हुई है।
अजीत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 5 अगस्त को वह अपने मोबाइल पर गूगल पर यश सिक्योरिटीज सर्च कर रहा था। इस दौरान उसके व्हाट्सएप पर एक लिंक आया, जिसमें खाता खोलने के लिए कहा गया। लिंक के जरिए आईडी बनाने के बाद उसे शेयर मार्केट में निवेश करने पर मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया गया।
दिया झांसा: शुरुआत में उसने मना किया, लेकिन बार-बार दबाव डालने पर अपनी पत्नी के खाते से पहले 5 हजार और फिर 10 हजार रुपये बताए गए खातों में ट्रांसफर कर दिए। उसके खाते में फर्जी मुनाफा दिखाकर विश्वास दिलाया गया और कई ट्रांजेक्शन के जरिये कुल 19.30 लाख रुपये निकलवा लिए गए।
जब उसने पैसा निकालने की कोशिश की तो उससे और 16 लाख 43 हजार रुपये जमा कराने को कहा गया। इसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।Haryana crime
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि ठगी की एक लाख रुपये की राशि महेंद्र सैनी के खाते में ट्रांसफर हुई थी। वहीं आरोपी सुरेंद्र और सचिन गुर्जर ने महेंद्र का खाता साइबर ठगों को उपलब्ध कराने में मध्यस्थ की भूमिका निभाई। मंगलवार को पुलिस ने तीनों आरोपियों को दबोच लिया। मामले की आगे की जांच जारी है।Haryana crime













