Haryana Weather Update: हरियाणा में मौसम विभाग ने मंगलवार को पूरे राज्य के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। जहां एक ओर सभी जिलों में मध्यम वर्षा की संभावना जताई गई है वहीं यमुनानगर के लिए विशेष रूप से भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। विभाग का कहना है कि यह स्थिति 10 जुलाई तक बनी रह सकती है। यमुनानगर में भारी वर्षा के कारण निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन सकते हैं।
पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, जींद, रोहतक और हिसार जिलों में तेज बारिश होने की संभावना है। वहीं सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, महेन्द्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और मेवात में भी वर्षा की संभावना बनी हुई है। जिला प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है और निचले इलाकों में विशेष निगरानी की जा रही है।
सोमवार को राज्य के 8 जिलों में हुई बारिश के कारण हिसार, फरीदाबाद, फतेहाबाद, चरखी दादरी और झज्जर जैसे जिलों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। कई स्थानों पर डीसी की कोठी, बस स्टैंड, पुलिस स्टेशन और मिनी सचिवालय तक पानी में डूब गए। हालात ऐसे रहे कि दोपहिया वाहन तक पानी में बहते नजर आए। इससे जनजीवन पूरी तरह से प्रभावित हो गया।
बारिश ने तोड़ा रिकॉर्ड, सामान्य से 37 प्रतिशत अधिक वर्षा
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खिचड़ के अनुसार, अब तक राज्य में सामान्य से 37 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है। इस मानसून सीजन में औसतन 107.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जबकि सामान्यतः यह आंकड़ा 78.5 मिमी रहता है। यह आंकड़ा दर्शाता है कि इस बार मानसून ने पूरे राज्य में जोरदार दस्तक दी है।
आगामी 10 जुलाई तक मौसम इसी प्रकार बरसाती बना रहेगा। किसानों के लिए यह बारिश फायदेमंद हो सकती है लेकिन अधिक बारिश से खेतों में जलभराव की भी समस्या हो सकती है। इसलिए किसानों को फसलों की निगरानी करते रहने की सलाह दी गई है। साथ ही प्रशासन को भी जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया है।













