Haryana Weather: मौसम विभाग ने आज हरियाणा के आठ जिलों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई है। पंचकूला, यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत और सोनीपत के कुछ क्षेत्रों में बारिश हो सकती है। पंचकूला में आज सुबह से बारिश हो रही है। बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव भी देखा गया है।
मौसम का अगले दो दिन का अनुमान
आईएमडी चंडीगढ़ के अनुसार हरियाणा में 16 सितंबर तक मौसम साफ रहेगा। इसके बाद मानसून की सक्रियता फिर बढ़ सकती है। 17 सितंबर को प्रदेश के तीन जिलों में तेज और 11 जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।
हिसार की चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि यूनिवर्सिटी के मौसम विभाग अध्यक्ष डॉ. मदनलाल खीचड़ ने कहा कि 16 सितंबर के बाद बारिश की सक्रियता बढ़ सकती है। उत्तरी हरियाणा में बारिश का आंकड़ा बढ़ने की उम्मीद है। 15 सितंबर को केवल कुछ क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी होगी। बाकी जिलों में मौसम साफ रहेगा।
16 और 17 सितंबर का मौसम
16 सितंबर को केवल पंचकूला, यमुनानगर और अंबाला में छिटपुट बारिश होने की संभावना है। बाकी सभी जिलों में मौसम साफ रहेगा। 17 सितंबर को पंचकूला और यमुनानगर में तेज बारिश की संभावना है। अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात और पलवल में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
हरियाणा में अब तक सामान्य से 43 प्रतिशत ज्यादा बारिश हो चुकी है। यमुनानगर में सबसे ज्यादा 1080 एमएम बारिश हुई है। सबसे कम बारिश सिरसा में 346 एमएम दर्ज हुई है। कुरुक्षेत्र में सामान्य से 100 प्रतिशत ज्यादा, फतेहाबाद में 141 प्रतिशत ज्यादा और महेंद्रगढ़ में 119 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई है।













