Haryana News: हरियाणा सरकार महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के उद्देश्य से 25 सितंबर से दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना (Lado Laxmi Yojana) लागू करने जा रही है। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2,100 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी। योजना को समय पर लागू करने के लिए राज्य सरकार ने पूरी तैयारियां कर ली हैं और संबंधित कर्मचारियों की छुट्टियां भी रद्द कर दी गई हैं।
परिवार पहचान प्राधिकरण के अनुसार इस योजना के दायरे में प्रदेश भर में लगभग 21 लाख महिलाएं आती हैं। इनमें 23 से 45 साल की अविवाहित महिलाओं की संख्या 2,82,635 है, जबकि 23 से 60 साल की विवाहित महिलाओं का आंकड़ा 18,14,621 है। योजना के बारे में महिलाओं में उत्साह देखने को मिल रहा है, क्योंकि इससे उन्हें आर्थिक रूप से सहारा मिलेगा और उनकी स्वतंत्रता बढ़ेगी।
जिला अनुसार आंकड़ों पर नजर डालें तो अविवाहित महिलाओं की सबसे अधिक संख्या हिसार, यमुनानगर, सिरसा, नूंह और करनाल में है। हिसार जिले में 23,409, यमुनानगर में 20,546, सिरसा में 20,209, नूंह में 18,869 और करनाल में 17,083 अविवाहित महिलाएं योजना का लाभ लेंगी।
विवाहित महिलाओं की संख्या में भी ये जिले सबसे आगे हैं। हिसार में 1,52,386, नूंह में 1,33,070, सिरसा में 1,23,060, यमुनानगर में 1,17,307 और करनाल में 1,11,367 विवाहित महिलाएं इस योजना से लाभान्वित होंगी।
इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण प्रदान करना और उनकी वित्तीय सुरक्षा सुनिश्चित करना है। सरकार का यह कदम खासकर उन महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण है, जिन्हें अपने खर्चों और जरूरतों के लिए अतिरिक्त आर्थिक सहायता की आवश्यकता है। इससे महिलाओं की सामाजिक स्थिति मजबूत होगी और वे अपने जीवन के फैसले अधिक स्वतंत्रता से ले पाएंगी।













