Haryana News: हरियाणा के सोनीपत जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। जिला नागरिक अस्पताल की मरम्मत के लिए सरकार ने 6 करोड़ 9 लाख 94 हजार रुपए की राशि जारी की है। इससे जर्जर हो चुके भवन को नई मजबूती मिलेगी और मरीजों को राहत मिलेगी।
सोनीपत का जिला अस्पताल काफी पुराना हो चुका है। बरसात में आपातकालीन वार्ड, ओपीडी और शिशु वार्ड की छत से पानी टपकने लगता था। दीवारें और फर्श भी टूट-फूट चुके थे। इस वजह से मरीजों और उनके परिजनों के साथ-साथ स्वास्थ्य कर्मियों को भी काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता था।
अस्पताल प्रबंधन लंबे समय से बिल्डिंग की मरम्मत की मांग कर रहा था। आखिरकार सरकार ने मांग मानते हुए बजट जारी कर दिया है। ठेकेदार को रिपोर्ट देने के बाद काम शुरू होगा। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही अस्पताल का चेहरा बदल जाएगा और सुविधाएं बेहतर होंगी।
मरम्मत के बजट का बंटवारा भी तय कर दिया गया है। विशेष मरम्मत पर 4 करोड़ रुपए खर्च होंगे। शौचालय की मरम्मत पर 66.50 लाख रुपए लगाए जाएंगे। परिसर की सड़कों के लिए 1.18 करोड़ रुपए और छतों की मरम्मत पर 25.34 लाख रुपए खर्च होंगे।
शुरुआत में यह अस्पताल 100 बिस्तरों का था। अब इसकी क्षमता बढ़ाकर 200 बिस्तरों की कर दी गई है। साथ ही 100 बिस्तरों वाला मातृ एवं शिशु विंग भी बनाया जा रहा है। मरम्मत और नई सुविधाओं के बाद यह अस्पताल आम जनता के लिए और अधिक उपयोगी साबित होगा।













