Haryana Weather: हरियाणा में एक बार फिर ठंड लौटने वाली है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पहाड़ों पर हाल ही में हुई बर्फबारी के बाद राज्य में उत्तर-पश्चिमी हवाएं तेज चलेंगी। इन हवाओं के कारण नमी बढ़ेगी और ठंड का असर और भी बढ़ेगा। खासकर सुबह के समय कई इलाकों में हल्की धुंध छाने की संभावना है, जिससे मौसम और भी ठंडा महसूस होगा।
इसी बीच नवंबर महीने में हरियाणा में बेहद कम बारिश दर्ज हुई है। ऐसा 25 साल में पहली बार हुआ है जब नवंबर में बारिश का रिकॉर्ड इतना कम हुआ है। इस कमी का असर खेती और जल स्रोतों पर पड़ सकता है।
IMD की ताजा रिपोर्ट में तापमान की जानकारी
IMD चंडीगढ़ की रिपोर्ट के अनुसार हरियाणा में ठंड का प्रभाव तेजी से बढ़ रहा है। राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में रविवार को 1.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी गई, जो सामान्य से करीब 1.9 डिग्री कम है।
हिसार राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 4.4 डिग्री कम है। नारनौल और सिरसा में भी तापमान सामान्य से करीब 2 डिग्री सेल्सियस कम रहा।
वहीं अंबाला में न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.8 डिग्री ज्यादा है। मेवात में 14.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जो राज्य के अन्य हिस्सों की तुलना में अधिक है।
रोहतक में सबसे अधिक तापमान गिरावट
पिछले 24 घंटे में हरियाणा के किसी भी इलाके में बारिश नहीं हुई। सभी मौसम केंद्रों पर तापमान गिरा है, जो ठंड बढ़ने का संकेत है। रोहतक में तापमान 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरा, जो सबसे ज्यादा है। नवंबर 2024 में हरियाणा में मात्र 0.8 मिमी बारिश दर्ज हुई। इससे पहले 2011, 2016 और 2021 में भी नवंबर में लगभग बारिश नहीं हुई थी। इस बार भी बारिश न होने का रिकॉर्ड कायम रहा है।













