Haryana Crime: रेवाड़ी में अंकित उर्फ चमन की हत्या का पांचवा आरोपी गिरफ्तार

On: January 7, 2026 7:49 PM
Follow Us:
ARRESRTED

Haryana Crime: रेवाड़ी में युवक के अपहरण के बाद दोस्तों के साथ मिलकर की गई हत्या के मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना शहर रेवाड़ी पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड में संलिप्त एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गांव गोकलगढ़ निवासी महमपाल उर्फ लालु के रूप में हुई है। इससे पहले पुलिस इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है, ताकि वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों और आरोपियों के बारे में पूछताछ की जा सके।

यह मामला 15 अक्टूबर की दोपहर का है। गांव भटेडा निवासी नितेश उर्फ चोटी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह अपने दोस्तों के साथ बाजार से सामान खरीदने जा रहा था। एक बाइक पर अंकित उर्फ चमन, मोहित और यश सवार थे, जबकि स्कूटी पर नितेश के साथ विजय, प्रवीण और कुलदीप पंडित बैठे हुए थे। जब वे मोहल्ला नई बस्ती के पास पहुंचे, तो वहां मन्नु सैनी उर्फ यश अपनी पल्सर बाइक लेकर खड़ा मिला। उसने आगे चल रही अंकित उर्फ चमन की बाइक को रुकवा लिया और गाली-गलौच करते हुए दादागिरी दिखाने लगा, जिसको लेकर दोनों पक्षों में झगड़ा हो गया।

झगड़े के बाद मन्नु सैनी ने अपने भाई और अन्य साथियों को फोन कर बुला लिया। हालात बिगड़ते देख नितेश और उसके साथी प्रवीण उर्फ पीजी व कुलदीप पंडित को उनके गांव गुरावड़ा छोड़ने के लिए निकल पड़े। जब वे झज्जर चौक के पास पहुंचे तो पीछे से कुछ युवक बाइक पर आते दिखाई दिए। झज्जर फ्लाईओवर पर चढ़ते ही सामने से आई एक बोलेरो गाड़ी ने जान से मारने की नीयत से अंकित उर्फ चमन की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सड़क पर गिर गई। इसके बाद पीछे से आए बाइक सवार युवकों ने स्कूटी को भी टक्कर मार दी।

शिकायत के अनुसार बोलेरो में सवार शिवम सैनी और तरुण उर्फ तन्नु ने अपने साथियों के साथ मिलकर अंकित उर्फ चमन को जबरन गाड़ी में डाल लिया और गोकलगढ़ की ओर ले गए। करीब एक घंटे बाद आरोपी अंकित को अधमरी हालत में आईटीआई रेवाड़ी के सामने फेंककर फरार हो गए। आसपास के लोगों ने उसे गंभीर हालत में रेवाड़ी ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां से हालत नाजुक होने पर उसे गुरुग्राम के आर्टेमिस अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान अंकित उर्फ चमन की मौत हो गई।

इस मामले में पुलिस ने पहले ही रविन्द्र कुमार उर्फ मंगीया, शिवम सैनी, गजेंद्र उर्फ चिंटू और सोनिया को गिरफ्तार कर लिया था। अब एक और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस का कहना है कि अन्य फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।

Best E News

मै पिछल क्षेत्र तील साल से पत्रकारिता में कार्यरत हूं। पहले एक राष्ट्रीय न्यूज पेपर में भी कार्य करने का मौका मिला। फिलहाल Best E News में बतौर एडिटर कार्यरत है।

WhatsApp

Join Now

Facebook

Follow Now